बागेश्वर। भारतीय सेना पर की गई अभद्र टिप्पणी से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सपा नेता आजम खान का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने इस टिप्पणी को सेना का अपमान बताते हुए आजम खान को पार्टी से निकालने की मांग की।
शनिवार को बागेश्वर के एसबीआइ तिराहे में आजम खान का पुतला फूंकते हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए दिन-रात सीमाओं पर सजग प्रहरी की भूमिका निभाने वाले जवानों पर जो टिप्पणी की है उससे सपा नेता आजम खान की मानसिकता उजागर हो गई है। प्रदेश सहमंत्री आदर्श कठायत ने कहा कि कि जवानों के खिलाफ ऐसी टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को देश से बाहर कर देना चाहिए। छात्र संघ अध्यक्ष दीपक गस्याल और सह सचिव राजेंद्र दानू ने सीमा पर चीन द्वारा दिखाए जा रहे तेवरों का भी मुंहतोड़ जवाब देने की मांग उठाई। आजम खान का पुतला फूंकने वालों में एबीवीपी के सह जिला संयोजक सूरज मेहरा, छात्र संघ कोषाध्यक्ष संदीप जोशी, केतन साह, नगर मंत्री अंकित ऐठानी, मनोज गोस्वामी, मनोज खेतवाल, भावेश पाठक, सूरज नेगी, तनुज साह, कृष्णा फर्स्वाण, पंकज मनराल, छात्र संघ सचिव रोशन गड़िया, मनीष मनराल शामिल थे।