कपकोट (बागेश्वर)। शामा उप तहसील के भनार ग्राम पंचायत के पिंगलेश्वर मंदिर परिसर में 18 जनवरी को लगने वाले उत्तरायणी मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भनार-महरगाड़घाटी उत्तरायणी मेला समिति की बैठक में कार्यक्रम तय किए गए। बंज्यैण मंदिर परिसर में कमेटी के लिए खड़क सिंह कोरंगा अध्यक्ष और गोविंद कोंरगा को सांस्कृतिक सचिव चुना गया।
मेले में प्रख्यात कलाकार आनंद कोरंगा एंड पार्टी समेत अनेक कलाकार धूम मचाएंगे। महरगाड़ नदी में माघ स्नान, मंदिर में पूजा अर्चना और खिचड़ी का आयोजन होगा। वहां ग्राम प्रधान पार्वती देवी, पूर्व प्रधान कुंदन कोरंगा, बीडीसी सदस्य नंदी देवी, प्रेम सिंह कोरंगा, जवाहर सिंह, महिपाल सिंह, सुुंदर सिंह और मोहन सिंह कोरंगा आदि थे।
भराड़ी बाजार में बाहर से आने लगे व्यापारी
कपकोट (बागेश्वर)। नगर में 15 जनवरी से शुरू हो रहे उत्तरायणी मेले की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। नगर पंचायत ने नगर में दूसरे चरण का स्वच्छता अभियान पूरा कर दिया है। भराड़ी बाजार में काशीपुर, बरेली और हल्द्वानी से व्यापारियों का पहुंचना शुरू हो चुुका है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी ने बताया कि झूले चर्खे लगाने वालों के लिए जगह आरक्षित रखी गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद बिष्ट ने व्यापारियों और नागरिकों से मेले को भव्य और आकर्षक बनाने में पूरा सहयोग देने की अपील की है। ब्यूरो
उत्तरायणी मेले के लिए दुकानों का आवंटन शुरू
बागेश्वर। नगर पालिका परिषद ने मेले में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले व्यापारियों में दुकानों के आवंटन का काम शुरू कर दिया है। ऐतिहासिक नुमाइशखेत में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच और विकास प्रदर्शनी के लिए स्टॉलों का निर्माण का काम शुरू हो गया है।
पौराणिक बागनाथ मंदिर और सरयू के किनारे स्नान घाटों की सजावट का काम तेजी से चल रहा है। नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेेतवाल ने कहा कि सभी कार्य समय से पहले पूरे हो जाएंगे।