बागेश्वर। संविधान दिवस के मौके पर राइंका बागेश्वर में कार्यक्रम आयोजित कर एनएसएस छात्रों को संविधान की जानकारी दी गई। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार टम्टा ने कहा कि भारत का संविधान विश्व में अद्वितीय है। जो कि प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता से जीने का अधिकार देता है।
एनएसएस शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए संजय टम्टा ने कहा कि देश में संस्थाओं को स्वतंत्रता मिली है जो कि संविधान की देन है। सभी जाति व धर्म के लोगों को समान अधिकार प्रदान कर संविधान ने प्रत्येक नागरिक की नजर में सम्मान हासिल किया है।
संविधान निर्माण की प्रक्रिया, इतिहास, आदर्श व महत्व के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि भारत के साथ स्वतंत्र होने वाले राष्ट्रों का संविधान मजबूत नहीं होने के कारण वहां अक्सर संवैधानिक संकट रहता है जबकि भारत संवैधानिक रूप से बेहद मजबूत है। प्रधानाचार्य प्रमोद तिवारी ने भी संविधान की जानकारी दी। इस मौके पर संविधान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बाद में एनएसएस शिविरार्थियों ने विद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया। शिविर को एनसीसी अधिकारी दीप जोशी, राजीव निगम, राजेश आगरी, आलम राम पाल आदि ने संबोधित किया।