बागेश्वर। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रत्याशियों ने नगर और आसपास के क्षेत्र को प्रचार सामग्री से पाट दिया है। अतिक्रमण हटाने के साथ ही निर्वाचन अधिकारी नोटिस जारी कर चुके हैं लेकिन प्रत्याशियों पर इसका कोई असर नहीं हो रहा है।
नगर निकाय चुनाव की दावेदारी में जुटे प्रत्याशियों ने सार्वजनिक सपंत्तियों के साथ ही निजी प्रतिष्ठानों को बैनर, होर्डिंग, पोस्टर, पंफलेट आदि प्रचार सामग्रियों से पाट दिया है जबकि इससे पहले निर्वाचन अधिकारी नगर में अभियान चलाकर सार्वजनिक सपंत्तियों से अतिक्रमण हटा चुके हैं। पोस्टर लगाने के आरोप में अध्यक्ष पद के सभी प्रत्याशियों को निर्वाचन आयोग नोटिस भी जारी कर चुका है।
नोटिस जारी होने के बाद भी प्रत्याशी और समर्थकों ने सरकारी और निजी संपत्तियों पर प्रचार सामग्री लगाई है। आचार संहिता प्रभारी जिला शंकर सिंह बोरा का कहना है कि पोस्टर हटाने का खर्चा संबंधित प्रत्याशियों के खर्च में जोड़ा जाएगा। रिटर्निंग अधिकारी राकेश तिवारी ने सभी प्रत्याशियों से आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने के निर्देश हैं।