बागेश्वर। बागेश्वर पालिका के निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। घोषणा पत्र में लगभग वे सभी मुद्दे और वायदे शामिल हैं जो पिछले चुनावों में दोहराए जाते रहे हैं। अभी तक जनता को इन मुद्दों का समाधान नहीं मिल पाया है।
शुक्रवार शाम नगर भाजपा ने 35 सूत्री एजेंडे का भारीभरकम चुनाव घोषणा पत्र जारी किया। इस 35 सूत्री घोषणा पत्र में लगभग वहीं वायदे शामिल हैं जो पिछले चुनाव में प्रत्याशी दोहराते आ रहे हैं। चाहे पेयजल किल्लत का मुद्दा हो या सीवर लाइन का भाजपा ने निकाय चुनाव में वहीं पुराने मुद्दे रखे हैं। घोषणा पत्र में इन मुद्दों का जिक्र तो है लेकिन दिखाए गए सपने कैसे पूरे होंगे, इसका कोई रोडमैप नहीं है जबकि निकाय की वित्तीय स्थिति और संसाधनों की स्थिति जगजाहिर है।
घोषणा पत्र में मतदाताओं को यह नहीं बताया गया है कि इन मुद्दों पर अभी तक भाजपा सरकारों और उनके प्रत्याशियों ने क्या किया। यह भी निरुत्तर रह गया है कि इस बार के चुनाव में पार्टी प्रत्याशी मतदाताओं को इन मुद्दों के समाधान की कोई निश्चित समयसीमा देगा। इधर, घोषणा पत्र को भाजपा प्रत्याशी कुंदन सिंह परिहार ने संकल्प पत्र करार दिया है। उनका कहना है कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है। उनके निर्वाचन से विकास को तेज गति मिलेगी। घोषणा पत्र जारी करते वक्त जिलाध्यक्ष शेर सिंह गढ़िया, विधायक चंदन राम दास आदि थे।