बागेश्वर/कपकोट। रविवार को राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने कपकोट विकास खंड के बमसेरा, पालीडुंगरा, ऐठाण, चखतरी, भुरकुटी, पनौरा का दौरा किया। ग्रामीणों ने अतिवृष्टि, भूस्खलन, मलबा आने, खेती तबाह होने समेत तमाम माली समस्याएं बताई। मौसम की मार से बुनियादी सुविधाएं तहस-नहस हो चुकी हैं। प्रशासनिक नुमाइंदा दौरा कर चला गया लेकिन अभी तक राहत और बचाव का कुछ अतापता नहीं है। सांसद ने प्रशासन पर प्रभावितों की सुध न लेने की तोहमत मढ़ी।
वार्ता में शासन पर निशाना साधा
सांसद ने पत्रकार वार्ता में शासन-प्रशासन पर निशाना साधा। कहा कि पहली बारिश में ही भारी नुकसान से चिंता बढ़ गई है। इसके इतर प्रभावितों को राहत देना, बचाव के उपाय करना तो दूर फौरी मदद तक नहीं मिली है। प्रभावित क्षेत्रों में सरकार और प्रशासन जैसी कोई चीज नजर नहीं आ रही। उन्होंने सरकार से अविलंब प्रभावितों को मुआवजा देने और बचाव के पुख्ता कदम उठाने की मांग की। इस दौरान जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, उमेश जोशी, प्रकाश कांडपाल, चामू देवली आदि थे।