बागेश्वर। डीएम रंजना राजगुरु ने मासिक बैठक में नगर में पॉलिथीन की बिक्री होने पर ईओ को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने पॉलीथीन की रोकथाम के लिए छापेमारी करने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में मासिक स्टाफ बैठक में डीएम ने राजस्व, पुलिस, परिवहन विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, आबकारी एवं खनन विभाग से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। कम राजस्व वसूली पर सभी तहसीलदारों को कड़े निर्देश देते हुए संबंधित अमीनों का स्पष्टीकरण लेने को कहा। सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र की पटवारी चौकियों, विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
पूर्ति अधिकारी को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में घटतोली, स्टॉक का सत्यापन करने, अनियमितता मिलने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। होटलों, रेस्त्रा में घरेलू गैस सिलेंडरों का प्रयोग करने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। नगरपंचायत कपकोट में पॉलिथीन, प्लास्टिक की बिक्री होने पर ईओ को कड़ी फटकार लगाते हुए पॉलिथीन पर रोकथाम के लिए छापामारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। एसपी रामचंद्र राजगुरु ने सीओ को दर्ज मामलों की विवेचना में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ आरके सिंह, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी भूपेंद्र जंगपांगी, एडीएम राहुल गोयल आदि अधिकारी मौजूद थे।