बागेश्वर की सड़क पर दुर्घटना का खतरा
- फोटो : अमर उजाला
कपकोट (बागेश्वर)। लोनिवि की घोर अनदेखी के चलते भयूूं-गडेरा सड़क की हालत खराब हो गई है। किमी तीन में सड़क के टूटे किनारे दीवार न बनने से दुर्घटना की आशंका है। ग्रामीण सड़क की हालत सुधारने की कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने एसडीएम रवींद्र बिष्ट को ज्ञापन देकर सड़क की दशा शीघ्र सुधरवाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान नारायण राम के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया कि भयूं-गडेरा सड़क में किया गया डामरीकरण कई जगह उखड़ चुका है। किमी तीन में किमी तीन में सड़क के किनारे की दीवार काफी समय पहले क्षतिग्रस्त हो गई थी। वहां सड़क काफी संकरी हो गई है। वहां से वाहनों का बमुश्किल आवागमन हो पा रहा है। सड़क का पुनर्निर्माण नहीं हो सका है। सड़क की सेहत न सुधरने से वाहनों के खाई में गिरने की आशंका है। सड़क की हालत शीघ्र न सुधरने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।