बागेश्वर। मंगलवार को आरटीओ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत शिविर लगाकर चालकों को यातायात के नियमों और फर्स्टएड का प्रशिक्षण दिया। पिंडारी रोड स्थित टैक्सी स्टेंड पर आयोजित शिविर में सीओ बीर सिंह ने कहा कि अधिकतर दुर्घटनाएं लापरवाही से वाहन चलाने से होती हैं।
उन्होंने चालकों से यातायात के नियमों का पालन करने को कहा। नियमों का पालन न होने पर विभिन्न किस्म की चालानी कार्रवाई केे बारे में विस्तार से जानकारी दी। आरटीओ पूजा नयाल ने चालकों से बगैर डीएल के वाहन न चलाने, फिटनेस और इंश्योरेंस हर हाल में कराने को कहा। उन्होंने चालकों से टैक्स समय पर जमा करने को कहा। वहां कोतवाल टीआर वर्मा, डा. पंकज पंत और टीएसआई भूपेश पांडे आदि थे।