बागेश्वर। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत राइंका और राजकीय हाइस्कूलों में अध्ययनरत नवीं और 10वीं की छात्राओं के लिए नए क्रियाकलापों में आत्मरक्षा और चित्रकला सिखाई जाएगी। दोनों गतिविधियों के लिए 15-15 विद्यालयों को चयनित किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत 30 विद्यालयों के 2500 छात्राएं लाभान्वित होंगी।
जिला परियोजना अधिकारी आकाश सारस्वत ने बताया कि आत्मरक्षा के प्रशिक्षण के लिए प्रत्येक चयनित विद्यालय को नौ हजार रुपये दिए जाएंगे। इस धनराशि से प्रशिक्षक को मानदेय दिया जाएगा। आर्ट और क्राफ्ट के प्रशिक्षण के लिए 18 हजार रुपये चयनित विद्यालय को दिए जाएंगे।
इस धनराशि से क्राफ्ट का सामान खरीदने, प्रशिक्षक का मानदेय और कार्यक्रम की आख्या तैयार करने के लिए खर्च किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन दोनों गतिविधियों से संबंधित बालिकाओं को लाभ मिलेगा। जिला संदर्भ व्यक्ति हेम जोशी ने बताया कि भारत सरकार से इन कार्यक्रमों के लिए परियोजना कार्यालय को धनराशि प्राप्त हो चुकी है।
आत्मरक्षा कार्यक्रम में ताइक्वांडो, जूडो कराटे और च्वाइक्वांडो का प्रशिक्षण विद्यालयों में प्रशिक्षक की उपलब्धता के आधार पर दिया जाएगा। आर्ट एंड क्राफ्ट कार्यक्रम में स्थानीय शिल्प जैसे रिंगाल, दन कालीन, मैक्रम वर्क और टाई एंड डाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा।