कमेड़देवी (बागेश्वर)। कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण एवं जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी की मध्यस्थता में सेरी व मजगांव के ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता सफल रही। सेरी के ग्रामीणों की सहमति के बाद रंगथरा-मजगांव-चौनाला सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्रमिक अनशन पर बैठे मजबे के ग्रामीणों का आंदोलन समाप्त हो गया है।
मालूम हो कि कांग्रेस शासनकाल में रंगथरा-मजगांव-चौनाला सड़क स्वीकृत हुई थी। दो किमी लंबी इस सड़क का भूमि पूजन भी कर दिया था, लेकिन सेरी के कुछ ग्रामीणों द्वारा मकान व खेतों के बीच से सड़क बनाने का विरोध करने से कार्य अधर में लटक गया। इससे खिन्न मजबे के ग्रामीणों ने 13 दिन पूर्व क्रमिक अनशन शुरू कर दिया था। ग्रामीणों के आंदोलन को देखते हुए बृहस्पतिवार को पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने लोक निर्माण विभाग, वन विभाग व तहसील प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति में सेरी गांव के ग्रामीणों के साथ वार्ता की। लगभग पांच घंटे तक चली वार्ता के बाद ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए सहमत हो गए। इसके बाद अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। वार्ता के अवसर पर क्षेत्र के ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य गोपाल राम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, सरपंच लक्ष्मण सिंह, आनंद सिंह, अर्जुन भट्ट, हीरा सिंह आदि मौजूद थे।
20 बीजीएस 12 पी- अनशनकारियों को जूस पिलाते पूर्व विधायक व जिला पंचायत अध्यक्ष।