बागेश्वर। जिले भर में सोमवार सुबह मूसलाधार बारिश हुई। इससे कपकोट-पोलिंग, असौं बेड़ापाकर-ओखलधार मोटर मार्ग सहित तीन सड़कों पर मलबा आ गया। इन सड़कों पर करीब चार घंटे तक यातायात ठप रहा। इधर, कौसानी-भतेड़िया सहित जिले की आधा दर्जन सड़कें अभी भी बंद हैं। कौसानी में सड़क की सुरक्षा दीवार के निर्माण का काम धीमी गति से चलने के कारण मकानों को खतरा पैदा हो गया है।
बारिश के कारण कपकोट-पोलिंग, असौं बेड़ापाकर-ओखलधार, हरिनगरी-कुलाऊं ग्वालदम सड़कों पर मलबा आ गया। पोलिंग मोटर मार्ग पर करीब चार घंटे तक यातायात ठप रहा। इधर, मलबा आने से पूर्व में बंद हुई सामा-लीती गोगिना, कौसानी-भतेड़िया, कपकोट-कर्मी, मुनार बैंड-सूपी, काफलीगैर-खोलसीर और सामा-नाकुरी सड़कें अभी तक नहीं खुल सकी हैं।
कौसानी-भतेड़िया सड़क डेढ़ माह से बंद है। वहीं, कौसानी में जिस स्थल पर सड़क धंसी है, वहां पर अभी तक सुरक्षा दीवार के निर्माण का आधा काम भी नहीं हुआ है। इसके चलते सड़क के ऊपर स्थित होटल और मकानों को खतरा पैदा हो गया है।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष बबलू नेगी ने बताया कि मकान की एक दीवार रविवार को हुई बारिश से ध्वस्त हो गई है। इतने लंबे समय से यातायात बंद होने से भतेड़िया सहित आधा दर्जन गांवों के लोग परेशान हैं। लोगों ने शीघ्र सड़क सुचारु नहीं करने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।