मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पौराणिक कैलाश मानसरोवर यात्रा को सुदृढ़ बनाने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने 40 किमी लंबी बागेश्वर कमेड़ीदेवी मार्ग के हॉटमिक्स, क्षतिग्रस्त दीवारों के पुनर्निर्माण के लिए 17.89 करोड़ रुपए स्वीकृत कर दिए हैं।
शासन ने इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग भी घोषित किया है। शासन ने विश्व प्रसिद्ध पिंडारी मार्ग के हरसीला स्टेशन से कपकोट की ओर के हिस्से का चौड़ीकरण, हॉटमिक्स के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री ने लोनिवि से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र भेजने के निर्देश दिए हैं।
कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने बताया कि मुख्यमंत्री रावत ने कैलाश मानसरोवर की यात्रा को जाने के प्रमुख सड़क 40 किमी बागेश्वर कमेड़ीदेवी मोटर मार्ग के हॉटमिक्स के लिए 17.89 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। इस सड़क के दूसरी बार हॉटमिक्स होने से पिथौरागढ़, धारचूला, थल, मुनस्यारी, डीडीहाट, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, चंपावत को जाने वालों समेत जिले के लोगों को भी खासी सुविधा होगी।
कैलाश मानसरोवर की धार्मिक यात्रा भी सुगम रहेगी। उन्होंने बताया कि स्वीकृत धन से सड़क के ध्वस्त किनारे की दीवारों का भी पुनर्निर्माण होगा। यह मार्ग कैलाश यात्रा को जाने के लिए काफी पौराणिक है।
विधायक ललित फर्स्वाण ने बताया कि सीएम ने पिंडारी मार्ग के हरसीला से कपकोट की ओर के हिस्से के चौड़ीकरण, हॉटमिक्स कार्य को भी मंजूर कर लोनिवि से डीपीआर देने को कहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री रावत के सहयोग के प्रति आभार जताया है।