कांडा (बागेश्वर)। अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक की कांडा स्थित शाखा के एटीएम में नौ महीने से ताला लटका हुआ है। एटीएम के कैशलेस होने से ग्राहकों को कई दिक्कतें झेेलनी पड़ रही हैं। क्षेत्र के लोगों ने बैंक अधिकारियों से एटीएम मशीन शीघ्र चालू करवाने की मांग की है।
कांडा स्थित अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक के एटीएम पर नौ महीने से ताला लगा हुआ है। क्षेत्र में बैैंक के पांच हजार से भी अधिक ग्राहक हैं। इसके अलावा राइंका, राबाइंका, डिग्री कालेज, पेंशनर, किसान और व्यापारी भी हैं। एटीएम के काम नहीं करने से खास तौर पर दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। एटीएम के नहीं खुलने से क्षेत्र के व्यापार पर भी बुरा असर पड़ रहा है। इन दिनों बारात का सीजन चल रहा है। रुपये नहीं निकलने से बारात के कार्यक्रम पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
बैंक ने ग्राहकों को कैश देने की व्यवस्था तो की है लेकिन इसमें समय अधिक लग रहा है। क्षेत्र के लोगों ने बैंक के उच्चाधिकारियों से एटीएम शीघ्र चालू करने की मांग की है। मांग करने वालों में बंशीधर कांडपाल, हरीश सिंह, भूपाल सिंह, दया देवी, रमेश सिंह, राजेंद्र सिंह, विजयपाल, ईश्वरी लाल, गंगा लाल, रवींद्र सिंह, देवेंद्र सिंह और विनोद लाल शामिल हैं। शाखा प्रबंधक कवींद्र देव ने बताया कि एटीएम में तकनीकी खामी है। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।