बागेश्वर। जनसुनवाई दिवस में डीएम ने पुलिस को गरुड़ की घांघली नदी सहित अन्य नदियों में अवैध खनन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम गरुड़ से कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने कहा कि समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई में 25 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। जिनमें से कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया। मवाई निवासी बाग सिंह रावत, टिटोली निवासी मदन सिंह टिटोली, भिलकोट के राजेंद्र सिंह ने कहा घांघली नदी में अवैध रूप से खनन किया जा रहा है। खेतों के बीच अवैध रूप से रेता ढोला जा रहा है जिससे नदी व खेतों को नुकसान हो रहा है। राजेंद्र उपाध्याय ने टैंट, विद्युत के बिल का भुगतान करने की मांग पर जिलाधिकारी द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए बाल विकास अधिकारी को शीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को प्रधानाध्यापक की तैनाती करने एवं अधि0अभि0लोनिवि को क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग को ठीक करने तथा जिला विकास अधिकारी को पंपिंग योजना के संबंध में मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिये। बेडामझेडा, पपोली, रीमा मोटर मार्ग को जारती से आगे पपोली रीमा तक निर्माण किये जाने की मांग पर ईई लोनिवि को 15 दिनों के भीतर फाइल तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
पानी की समस्या छायी रही
बागेश्वर। डीएम की जनसुनवाई में विभिन्न स्थानों में पानी की समस्या का मुद्दा छाया रहा। हीराबल्लभ भट्ट ने कठायतबाड़ा सहित नगर के अन्य हिस्सों में पानी की समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जल संस्थान कोई ध्यान नहीं दे रहा है। डीएम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लोगों को नियमित तौर पर साफ पानी मुहैया कराने को कहा।