अमर उजाला ब्यूरो
बागेश्वर। बिजली की लाइन में फाल्ट आने से अटल आदर्श गांव भंडारी गांव में पिछले चार दिन से विद्युत आपूर्ति ठप है।
नाराज ग्रामीणों ने आपूर्ति शीघ्र सुचारु न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों के अनुसार चार दिन पहले तेज हवा के साथ ही बारिश हुई। गांव के लिए बनी बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। तब से यह गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया पेड़ों की लॉपिंग होने से करंट लगने की आशंका बनी रहती है। ऊर्जा निगम को लाइन ठीक करने के लिए कई बार कह दिया है। आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।
बिजली आपूर्ति ठप होने से कुटीर उद्योग धंधे ठप हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। तेंदुए और अन्य जंगली जानवरों का भय अलग से बना हुआ है। बीडीसी सदस्य कुंदन बोरा, भागीरथी भंडारी, नीरज रौतेला, इंद्र सिंह कार्की, कृष्णा सिंह, सुनीता रावत, मंदोदरी भंडारी, सोहन भंडारी, शंकर बोरा आदि ने आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। ऊर्जा निगम के ईई भाष्कर पांडे ने संबंधित जेई को शीघ्र मौके पर भेजकर समस्या का समाधान करवाया जाएगा।