बागेश्वर। केएमओयू की हड़ताल लंबी खिंचने के साथ ही यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई है। ज्यादा समय और धन खर्च करने के बाद उन्हें जान के जोखिम और टैक्सी चालकों की मनमानी का सामना भी करना पड़ रहा है। यात्रियों से खचाखच सड़कों पर फर्राटा भर रही इन टैक्सियों से दुर्घटना की आशंका भी बनी है।
छठें दिन भी जारी हड़ताल के बीच यात्रियों को परेशानी रही। केमू स्टेशन सूना पड़ा रहा और विभिन्न रूटों केे टैक्सी स्टैंड में यात्रियों की भीड़ लगी रही। यहां सीट बनाने को लेकर यात्रियों में मारामारी मची रही। यात्रियों की भीड़ के चलते लगभग सभी टैक्सियां खचाखच भरी रही। लोगों ने वाहन में लटककर भी सफर किया। इससे सड़क दुर्घटना का जोखिम बना रहा। इसके इतर हड़ताल के बीच सड़क और टैक्सी स्टैंड पर प्रशासन, पुलिस, परिवहन नजर नहीं आया। टैक्सी चालक बेरोकटोक क्षमता से अधिक सवारी ढोते रहे। यात्रियों ने सफर में ज्यादा समय और धन भी खर्च किया। खराब मौसम के बीच हड़ताल से यात्रियों की मुश्किल और बढ़ गई।
ट्रकों की हड़ताल से आवक पर असर नहीं
बागेश्वर। ट्रकों की हड़ताल से बागेश्वर में फल-सब्जियों की आवक पर कोई असर नहीं पड़ा है। यहां पेट्रोल, डीजल, राशन, दूध, फल-सब्जी आदि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पहले की तरह जारी है। थोक कारोबारी बबलू जोशी का कहना है कि फल-सब्जियों के दाम पहले की तरह ही बरकरार हैं। हड़ताल के बीच दामों में बढ़ोत्तरी नहीं हुई है।