कपकोट (बागेश्वर)। भराड़ी बाजार में पिछले दो दिनों से कूड़े के ढेर सड़कों पर पसरे हैं। इससे व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। लोग नाक-भौंह सिकोड़कर आवाजाही कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने कूड़ा निस्तारण में लापरवाही का आरोप लगाया है।
शनिवार को दूसरे दिन भी पंचायत ने बाजार में पसरे कूड़े के ढेर हटाने की जहमत नहीं उठाई। दो दिनों से सड़कों पर पड़ा कूड़ा इधर-उधर बिखर गया। बाजार में दर्जन भर स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। इससे उठती दुर्गंध से व्यापारियों, राहगीरों का सांस लेना तक दूभर हो रहा है।
क्षेत्रवासियों ने पंचायत की इस कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। उन्होंने नगर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। इस मामले में नगर पंचायत के ईओ कृपाली सिंह का कहना है कि कूड़ा वाहन चालक के अवकाश पर होने से यह स्थिति बनी। दूसरे चालक का बंदोबस्त किया जा रहा है। उन्होंने रविवार से नियमित कूड़ा उठाने का भरोसा दिया है।