कपकोट (बागेश्वर)। उत्तराखंड परिषदीय परीक्षा में ड्यूटी के लिए जारी सूची पर माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने आपत्ति जताई है। उन्होंने बीईओ कार्यालय से जारी की गई सूची पर आपत्ति जताते हुए जल्द दूसरी सूची जारी करने की मांग की। शिक्षकों ने कहा कि विभाग ने मानकों की अनदेखी कर कई शिक्षकों की ड्यूटी 20 से 25 किमी दूर स्थित स्कूलों में लगा दी है। शिक्षक नेताओं ने संशोधित सूची जारी नहीं होने तक कार्यमुक्त नहीं होने की चेतावनी दी है। राजकीय शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष मंगल सिंह ने कहा कि परिषदीय परीक्षा में ड्यूटी के लिए आठ किमी के मानक तय किए गए हैं। जबकि कपकोट विकासखंड में अधिकतर शिक्षकों की ड्यूटी 20 से 25 किमी दूरी के विद्यालयों में लगाई गई है। यह मानकों की अनदेखी है। राजकीय शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष के अलावा पूर्व जनपदीय संयुक्त मंत्री दयाल सिंह कुमल्टा आदि शिक्षकों ने जल्द नई सूची जारी करने की मांग की है।