आपसी संघर्ष में घायल नर तेंदुए की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
बागेश्वर। कपकोट के गैरखेत गांव में एक नर तेंदुआ घायल हालत में पड़ा मिला। वन विभाग द्वारा उसे उपचार के लिए ले जाते समय तेंदुए ने दम तोड़ दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए के घायल होने का कारण आपसी संघर्ष बताया है।
बुधवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने कपकोट के गैरखेत गांव के मल्ला पातल तोक के खेत में एक तेंदुए को पड़ा देखा। इससे ग्रामीण भयभीत हो गए। शोर मचाने के बाद भी तेंदुए के नहीं हिलने-डुलने पर जब ग्रामीण नजदीक गए तो देखा वह गंभीर रूप से घायल था। ग्रामीणों ने सुबह 11 बजे इसकी सूचना वन विभाग को दी। दूरस्थ गांव होने के कारण कपकोट से वन विभाग की टीम लगभग चार बजे गांव पहुंची। जब उपचार के लिए तेंदुए को कपकोट लाया जा रहा था तो उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृत नर तेंदुए की उम्र लगभग 18 माह बताई जा रही है। रेंजर भुवनेश कुमार पंत ने बताया कि तेंदुए के आपसी संघर्ष में घायल होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद ही तेंदुए की मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
03 बीजीएस 15 पी - खेतों में घायल पड़े तेंदुए को देखते लोग।