बागेश्वर। वन बीट अधिकारी संघ की यहां हुई जिला स्तरीय बैठक में प्रदेश सरकार से एसीपी का लाभ देने की मांग की गई। साथ ही शासन से प्रभार में सृजित बीट के अनुसार कर्मचारियों की शीघ्र तैनाती करने की मांग की। बैठक में लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई।
बागनाथ मंदिर परिसर में संघ के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह चम्याल की अध्यक्षता में हुई बैठक में बतौर मुख्य अतिथि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष दामोदर जोशी ने शिरकत की। जोशी ने कर्मियों से संगठन की मजबूती पर जोर दिया। बैठक में कहा गया कि एक वन बीट अधिकारी के पास दो से तीन बीटों का अतिरिक्त प्रभार है।
इससे राजकीय कार्य संपादन में दिक्कतें हो रही हैं। बीट में लीसा गढ़ान, वन निगम और वन पंचायती कार्य खास तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। प्रभाग में सृजित बीट के अनुसार कर्मियों की तैनाती जरूरी है। शासन से एसीपी का लाभ देने, ग्रीष्म और शीतकालीन वर्दी उपलब्ध कराने समेत अन्य लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई। जिला मंत्री आनंद रावत के संचालन में हुई बैठक में तारा सिंह फर्स्वाण, सुरेंद्र गढ़िया, हयात सिंह बिष्ट, संजय परिहार, गणेश जोशी, अमित कनारी, हेमंत तिवारी, रमेश पांडे और मंगलनाथ आदि थे।
10 बीजीएस 13पी: बागेश्वर में बैठक करते वन वीट अधिकारी संघ के सदस्य और पदाधिकारी।