बागेश्वर। नल से पानी के साथ कीड़े निकलने की शिकायत के बाद जल संस्थान ने पेयजल टैंकों की सफाई शुरू कर दी है। रविवार को जल संस्थान के कर्मचारियों ने नदीगांव में पानी के टैंक की सफाई की। ग्रामीणों ने विभाग से हर माह पेयजल टैंक की सफाई करने की मांग की है।
मालूम हो कि दो दिन पूर्व नदीगांव में नल से पानी के साथ कीड़ा निकला था। यह पानी अमसरकोट पेयजल योजना से सप्लाई होता है। इसकी शिकायत पर जल संस्थान ने रविवार को टैंक की सफाई की। विभागीय अधिकारियों के अनुसार योजना के टैंक की साल में चार बार सफाई की जाती है।
लोगों के घरों तक साफ पानी की आपूर्ति हो इसके लिए फिल्टर लगाए गए हैं। कहा कि कुछ स्थानों पर पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने से इस तरह की समस्या हो सकती है। ग्रामीणों ने साफ पानी की आपूर्ति के लिए हर माह पेयजल टैंक की सफाई करने की मांग की है।