बागेश्वर। बीती 16 अगस्त से आठ सितंबर तक मनाए गए स्वच्छता पखवाड़े के तहत स्वच्छ संकल्प से स्वच्छ सिद्धि पर निबंध एवं लघु फिल्म प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘मैं स्वच्छता के लिए क्या करूंगा/करूंगी’ और लघु फिल्म प्रतियोगिता के लिए ‘भारत को स्वच्छ बनाने में मेरा योगदान’ विषय पर आयोजित खुली प्रतियोगिताओं की निबंध प्रतियोगिता के लिए 173 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। इसके अलावा लघु फिल्म प्रतियोगिता में छह प्रविष्टियां प्राप्त हुईं।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम रंजना की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय मूल्यांकन कमेटी द्वारा सभी प्रविष्टियों का अवलोकन करने के बाद परिणाम जारी किए गए। निबंध प्रतियोगिता में राइंका बोहाला के हर्षित उपाध्याय प्रथम, संजीव चौधरी द्वितीय व नेशनल मिशन इंटर कॉलेज की छात्रा ललिता तृतीय रहीं।
इसी तरह लघु फिल्म प्रतियोगिता में भास्करानंद तिवाड़ी मंगरूपहरी रवाईखाल प्रथम, रवि मिश्रा बागेश्वर द्वितीय व ग्राम पंचायत थाकला तृतीय रहे। डीएम ने बताया कि चयनित प्रविष्टियों को राज्य स्तर पर चयन के लिए देहरादून भेजा जाएगा। इस दौरान सीडीओ एसएसएस पांगती, सीएमओ डॉ. शैलजा भट्ट, सीईओ हरीश चंद्र सिंह रावत, परियोजना प्रबंधक स्वजल एमके गर्ग, सामुदायिक विकास विशेषज्ञ जीएस भट्ट मौजूद थे।