बागेश्वर। मंडलसेरा में पानी की टंकियों से पानी के साथ कीड़े भी निकल रहे हैं। गुस्साए क्षेत्रवासियों ने जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत कर शुद्ध पेयजल आपूर्ति की मांग की है।
सभासद कैलाश आर्य ने बताया कि शुक्रवार को वार्ड के नलों में पतला किसी तागे की तरह कीड़ा पानी के साथ निकला। जब गौर से देखा तो पता चला कि वह सांप है। इस पर क्षेत्रवासियों के होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि इस की जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। आर्य ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पूरी गर्मी जल संस्थान पेयजल आपूर्ति नहीं कर सका है।
अब बारिश के मौसम में पानी आ रहा है तो उसमें कीड़े निकल रहे हैं इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल संस्थान शुद्ध पानी आपूर्ति नहीं करता है तो उनके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। ईई एमके टम्टा ने बताया कि पानी को शुद्ध करके ही आपूर्ति की जाती है फिर भी यदि सांप निकला है तो जांच की जाएगी। कभी-कभी टंकियों में भी सफाई नहीं होने से कीड़े निकलते हैं।