बागेश्वर। जिले के दूर दराज के मरीजों को अब बहुत हद तक राहत मिलेगी। जांच रिपोर्ट दिखानेे , सामान्य चिकित्सकीय सलाह के लिए उन्हें अब जिला अस्पताल के चक्कर नहीं काटने होंगे। जिला अस्पताल में टेली मेडिसिन सेवा शुरू हो गई है।
कांडा, कपकोट, बैजनाथ सीएचसी में डॉक्टर नहीं होने, जांच रिपोर्ट, एक्सरे वगैरह की चेकिंग और विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं होने पर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। इससे मरीजों को परेशानी होती है और जिला अस्पताल पर भी बोझ बढ़ता है।
इसी के मद्दनेजर जिला अस्पताल में टेली मेडिसिन सेवा शुरू की गई है। डॉ. अब्बास को टेली मेडिसिन का इंचार्ज बनाया गया है। डॉ. अब्बास टेली मेडिसिन के जरिए कांडा, कपकोट, बैजनाथ सीएचसी में पहुंचने वाले मरीजों को चिकित्सकीय सलाह देंगे।
ऐसे काम करेगी टेली मेडिसिन सेवा
टेली मेडिसिन के लिए डॉ. अब्बास को एक टेबलेट फोन उपलब्ध कराया गया है। इस टेबलेट में लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग, मरीज की हिस्ट्री, चित्र, परामर्श आदि भेजकर भी सीएचसी का मेडिकल स्टाफ मदद ले सकता है। जांच रिपोर्ट, एक्सरे आदि भेजकर बीमारी के उपचार के सलाह मांग सकता है। इससे मरीज को दूरस्थ क्षेत्र में ही चिकित्सकीय सलाह मिल जाएगी और जिला अस्पताल नहीं आना होगा।
दोपहर दो-तीन बजे तक करेंगे काम
डॉ. अब्बास ने बताया कि बीएसएनएल ने फोर जी स्पीड का सिम कनेक्शन दिया है। इसमें सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक ओपीडी देखने के बाद दोपहर दो-तीन के बीच टेली मेडिसिन से मरीजों की जांच करेंगे। बीएसएनएल को भी विशेष हिदायत है कि इस अवधि के बीच नेटवर्क स्पीड ठीक रहे।