कपकोट (बागेश्वर)। एसडीएम प्रमोद कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम ने कुत्ते काटे के इंजेक्शन और एंटी रैबीज की डोज पर्याप्त मात्रा में रखने के निर्देश दिए। वहीं फार्मासिस्ट और हेल्थ वर्कर गायब मिले।
सोमवार की दोपहर करीब 12-12:30 बजे अचानक एसडीएम प्रमोद कुमार के नेतृत्व में तहसील प्रशासन का काफिला सीएचसी पहुंचा। एसडीएम ने सबसे पहले कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका देखी। फिर अस्पताल में दवाई के स्टॉक की जांच की। उन्होंने एंटी रैबीज डोज और जीवन रक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में रखने को कहा। निरीक्षण में होम्योपैथी फार्मासिस्ट दिव्येश्वर गौड़ और हेल्थ वर्कर शांति बिष्ट गायब मिले।
बाद में जानकारी मिली की शांति बिष्ट मेडिकल अवकाश पर हैं। एसडीएम ने कहा कि दोनों गायब कर्मचारियों के बारे में डीएम को जानकारी दी जाएगी। बाद में उन्हीं के निर्देशानुसार कार्रवाई होगी। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश रावत, तहसीलदार विनोद प्रकाश वर्मा आदि मौजूद थे।