बागेश्वर। लोक सभा चुनाव की मतगणना को त्रुटि रहित संपन्न कराने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने सोमवार को रिटर्निंग अफसरों/जिलाधिकारियों, मतगणना से जुड़े अधिकारियों की मतगणना तैयारियों को लेकर वीडियो कांफ्रेंस में जरूरी दिशा निर्देश दिए। सोमवार को कलेक्ट्रेट के एनआईसी भवन में हुई वीसी में सौजन्या ने कहा कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने 18 मई को मतगणना प्रक्रिया में बदलाव किए है।
उन्होंने बताया कि ईवीएम मशीनों से मतगणना प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी चाहे पोस्टल बैलेट की गिनती पूर्ण न हुयी हो। पूर्व में पोस्टल बैलेट की गणना पूर्ण नहीं होने तक ईवीएम मशीनों से दो राउंड की मतगणना को रोक दिया जाता था। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वीवीपैट पर्चियों की गणना की जाएगी।
सीईओ ने बताया कि नए निर्देशों के अनुसार यदि प्रथम दो प्रत्याशियों में जीत का अन्तर अमान्य या अस्वीकृत किये गये पोस्टल बैलेट की संख्या से कम होता है तो ऐसी स्थिति में संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा अनिवार्य रूप से अस्वीकृत किये गये पोस्टल बैलेटों का दोबारा सत्यापन किया जाएगा।
वहां एसपी लोकेश्वर सिंह, राहुल गोयल, राकेश चंद्र तिवारी, प्रमोद कुमार, जयवर्धन शर्मा, योगेंद्र सिंह, केएन तिवारी, शिल्पी पंत, अरुण कुमार वर्मा, अरुण वर्थवाल, भावेश कुमार जागरिया, चंद्र शेखर लोहनी आदि थे।