दीवार कपकोट (बागेश्वर)। पिछले दिनों हुई बारिश से नगर पंचायत के ऐठाण वार्ड के कुजगाड़ी गधेरे पर बने पैदल पुल की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी। दीवार के टूटने से पुल की सुरक्षा पर खतरा है। क्षेत्र के लोगों ने लोनिवि को पत्र देकर पुल की सुरक्षा के शीघ्र पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उन्होंने मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पुल ऐठाण, बमसेरा मोहल्लों को जोड़ता है। दीवार के टूटने से अब पुल की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो गया है। बरसात में गधेरा उफान पर रहता है। लोगों का कहना है कि यदि बरसात से पहले पुल की सुरक्षा के शीघ्र पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो लोगों का मोहल्लों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने लोनिवि से पुल की सुरक्षा के जल्दी इंतजाम करने की मांग ही है। मांग करने वालों में व्यापार मंडल के अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, पूर्व प्रधान अमर राम, गीता ऐठानी, दयाल ऐठानी, जगत सिंह, बलवंत कोरंगा, कुशल सिंह ऐठानी, कमल राम, रेखा ऐठानी आदि थे। इधर लोनिवि के ईई एसके पांडे ने बताया कि मामला संज्ञान में है। शीघ्र ही सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया जाएगा।