बागेश्वर। शहर में बंदरों का उत्पात लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को शहर में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब बंदरों ने गोमती पुल के पास स्थित एक घर की छत पर डिश टीवी लगाने के लिए बनाई गई दीवार गिरा दी। इससे बैंक और दुकान के बाहर खड़े लोगों ने दौड़कर अपनी जान बचाई।
बंदरों ने मंगलवार शाम करीब चार बजे गोमती पुल के पास स्थित एक मकान की छत के ऊपर लगा डिश टीवी उखाड़ दिया।
इससे डिश टीवी लगाने के लिए बनाई गई ईंट की दीवार भरभराकर गिर गई और कई ईंटें अल्मोड़ा अर्बन बैंक के ठीक सामने गेट पर जा गिरीं। घटना के समय बैंक और पड़ोस में सब्जी की दुकान के बाहर कई लोग खड़े थे। लोगों ने दौड़कर अपनी जान बचाई।
संयोग से कोई भी ईंट किसी व्यक्ति को नहीं लगी। तीन मंजिले भवन की छत से गिरी ईंट किसी को लगने पर गंभीर हादसा हो सकता था। बागेश्वर नगर में कटखने बंदरों के कारण लोग लंबे समय से परेशान हैं। कटखने बंदर मार्गों में आने-जाने वाले लोगों पर भी झपट रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।