बागेश्वर। पुलिस लाइन के समीप कूड़ा डालने का एक बार फिर विरोध शुरू हो गया है। मालता के ग्रामीणों ने कूड़ा डालने पर नाराजगी जताते हुए उत्तरायणी पर्व से पहले कूड़ा निस्तारण का स्थायी हल नहीं निकालने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्राम प्रधान हेमा देवी, हेमंत बिष्ट, पंकज दफौटी, गणेश सिंह, आनंद तिवारी आदि ग्रामीणों का कहना है कि बागेश्वर शहर का कूड़ा पुलिस लाइन के समीप डाला जा रहा है। मार्ग पर कूड़ा होने से प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है। लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। चार माह पूर्व आंदोलन करने पर प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन दिया गया था। चार माह का समय पूरा होने के बावजूद कूड़ा पूर्ववत इसी स्थान पर डाला जा रहा है। उन्होंने कहा है कि यदि इस स्थान पर कूड़ा डालना बंद नहीं किया गया तो ग्रामीणों को आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।