बागेश्वर। वर्ष 2014 से अब तक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना के तहत जिले के कई लाभार्थियों ने विभिन्न बैंकों से सब्सिडी पर ऋण लिया था। इनमें से करीब 150 लाभार्थियों को करीब ढाई करोड़ रुपये की सब्सिडी अभी तक नहीं मिल सकी है। खातों में लंबे समय से सब्सिडी नहीं आने से लाभार्थियों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
बता दें कि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन योजना के तहत बेरोजगारों को होटल, मोटल, रेस्टोरेंट, पेइंग गेस्ट, गैराज, वाहन, टेंट हाउस, पीसीओ, वर्कशॉप समेत कई अन्य कारोबारों के लिए विभिन्न बैंकों के माध्यम से ऋण दिया जाता है। पर्यटन विभाग से वाहन लेने वाले लाभार्थियों को 25 तो गैर वाहन वाले लाभार्थियों को 33 प्रतिशत सब्सिडी मिलती है।
लाभार्थियों के आवेदन प्रशासन द्वारा गठित कमेटी मंजूर करती है। इसमें जिला प्रशासन द्वारा नामित अधिकारी के अलावा पर्यटन, आरटीओ, उद्योग, बैंकों के प्रबंधक शामिल होते हैं।
कमेटी के द्वारा ऋण आवेदन मंजूर होने के बाद ही बैंक लाभार्थियों को ऋण देते हैं। लाभार्थी द्वारा प्रस्तावित कार्य के पूरा करने के बाद डीएम द्वारा गठित अधिकारियों की टीम संबंधित योजना की जांच करती है।
टीम की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही पर्यटन विभाग शासन से मंजूर सब्सिडी की राशि संबंधित लाभार्थी के खाते में जमा करता है। लेकिन, लंबे समय से खातों में सब्सिडी नहीं आने से लाभार्थी परेशान हैं।
अब तक लाभार्थियों को 53 लाख रुपये की सब्सिडी वितरित कर दी गई है। करीब 150 लाभार्थियों में करीब ढाई करोड़ रुपये की सब्सिडी और बंटनी है। इसके लिए शासन को पत्र लिखा गया है।
- पीके गौतम, जिला पर्यटन अधिकारी