बागेश्वर। मोटर मार्ग का निर्माण नहीं होने के कारण कपकोट विकासखंड के दूरस्थ झूनी के ग्रामीण 10 किमी पैदल चलने को मजबूर हैं। लोगों को कई पेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने शीघ्र सड़क का निर्माण शुरू न किए जाने पर 30 अप्रैल 2018 से गोराधार स्थित काली मंदिर में अनशन करने की चेतावनी दी है।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में झूनी की ग्राम प्रधान मानमती देवी सहित अन्य क्षेत्रवासियों ने कहा है कि सड़क और हाइस्कूल की मांग को लेकर छह माह पूर्व क्षेत्र की जनता ने आंदोलन किया था। उस समय जनप्रतिनिधियों ने अनशन स्थल पर पहुंचकर मांगें पूरी करने का आश्वासन भी दिया, लेकिन पतियासार से झूनी तक स्वीकृत मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इससे यातायात सुविधा मिलने का इंतजार कर रही जनता में आक्रोश व्याप्त है। सड़क नहीं होने से क्षेत्रवासियों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गांव तक पहुंचने में खड़ी चढ़ाई पार करनी पड़ती है। किसी के बीमार होने पर समय पर उपचार नहीं मिल पाता है। ग्राम प्रधान का कहना है कि यदि 31 मार्च 2018 तक सड़क निर्माण का कार्य नहीं किया जाता है तो 30 अप्रैल से अनशन शुरू कर दिया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रवीण सिंह, भूपाल सिंह, उत्तम सिंह, जसौद सिंह, कुंदन सिंह आदि क्षेत्रवासी शामिल थे।