कोकून पर फफूंदी मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई
बागेश्वर। डीएम रंजना ने ग्राम पंचायत मजियाखेत और ग्राम पंचायत कफलखेत गांवों का औचक निरीक्षण कर मनरेगा के तहत निर्मित कार्यों का जायजा लिया। रेशम कार्यालय के निरीक्षण में स्टोर में रखे कोकून में फफूंदी लगने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने उनका रखरखाव बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए। साथ ही कोकून को सुखाने के लिए हीटिंग मशीन लगाने के निर्देश दिए।
डीएम ने रेशम फार्म का निरीक्षण करते हुए फार्म की सुरक्षा व्यवस्था के लिए मनरेगा के तहत तार बाड़ लगाने के निर्देश दिए। सीडीओ एसएसएस पांगती और डीडीओ केएन तिवारी को समय-समय पर रेशम फार्म की मॉनीटरिंग के निर्देश दिए। ग्राम प्रधानों की मांग पर मजियाखेत से सैंज तक नाले की सफाई के लिए डीएम ने एक लाख रुपये की धनराशि देने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि यदि नाले की सफाई में अतिरिक्त व्यय होगा तो वह ग्राम पंचायत वहन करेगी। डीएम ने मजियाखेत में ग्रामीणों की चौपाल लगाकर समस्याएं भी सुनीं। ग्राम पंचायत में जॉब कार्ड धारकों से वार्ता कर मानव दिवस सृजन के संबंध में जानकारी ली तथा मनरेगा के तहत हुए कार्यों के भुगतान की जानकारी ली। महिलाओं की मांग पर डीएम ने एसडीएम, आबकारी विभाग और पुलिस विभाग को शराब की अवैध बिक्री कर रोक लगाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डीडीओ ने डीएम को बताया कि मनरेगा के कार्यों पर आधारित एक डाक्यूमेंट्री फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। इस दौरान कनिष्ठ प्रमुख सुनीता टम्टा, ग्राम प्रधान सैंज अनीता टम्टा, मजियाखेत मंजू बिष्ट, कफलखेत इंद्रा देवी, बड़ेत पालनीकोट नीमा पालनी, मनरेगा समन्वयक विक्रम सिंह, रोजगार सहायक हिमांशु नेगी आदि थे।