गरुड़/बागेश्वर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत 11 अक्तूबर को गरुड़ ब्लॉक में द्वितीय चरण का मतदान होगा। इसके लिए बृहस्पतिवार को 123 पोलिंग पार्टियां बूथों को रवाना होंगी। ब्लॉक की 106 ग्राम पंचायतों में बने 123 मतदान केंद्रों में कुल 57301 मतदाता वोटिंग करेंगे।
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में कुल बूथों की संख्या में से 26 को संवेदनशील और 15 को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा है। अति संवेदनशील बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक सब इंस्पेक्टर और कांस्टेबल की तैनाती की गई है। संवेदनशील बूथों पर हेड कांस्टेबल के साथ कांस्टेबल तैनात रहेंगे, जबकि सामान्य बूथों पर कांस्टेबल ड्यूटी करेंगे। ×××
विकासखंड गरुड़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का प्रचार समाप्त
गरुड़(बागेश्वर)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का दूसरा चरण का चुनाव प्रचार पांच बजे समाप्त हो गया है।उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने घर- घर जाकर मतदाताओं से सपंर्क किया। पोलिंग पार्टियां बृहस्पतिवार को प्रात: दस बजे अपने- अपने मतदान केंद्रों को रवाना होंगी। बीडीओ और निर्वाचन अधिकारी बीसी पंत ने बताया कि ब्लॉक में कुल 123 मतदान केंद्र है। हर मतदान केंद्र में पांच चुनाव कर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियां बृहस्पतिवार को रवाना होंगी।
×××
अति संवेदनशील बूथ-
विकासखंड सभागार गरुड़, गढ़सेर, अमोली, लखनी, कन्यूड़ा, वज्यूला, अनरपट्टा, कुलाऊं, ग्वाड़पजेड़ा, पिंगलों, फल्यांटी, द्यौणाई, कफलढुंगा, कौसानी, कटारमल।
×××
संवेदनशील बूथ-
अणां, सिलग्वाड़ी, मटेना, कन्यारी, बैजनाथ, तैलीहाट, पुरड़ा, चरसों, कोटफुलवाड़ी, कोठों, डंगोली, गढख़ेत, जाख, जखेड़ा, सिमगड़ी, नौगांव, सिरकोट, छत्यानी, लोहागढ़ी, थापलबजवाड़, गैरखेत, मैगड़ीस्टेट, मजकोट, दर्शानी, हरबगड़, भतड़िया।
--
एसपी ने किया संवेदनशील बूथों और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण
गरुड़/बागेश्वर। एसपी प्रीति प्रियदर्शिनी और सीओ संगीता ने गरुड़ और कौसानी क्षेत्र के संवेदनशील/अति संवेदनशील मतदान बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने गरुड़ ब्लॉक परिसर में बनाये गये स्ट्रांग रूम को भी देखा। उन्होंने कई बैरियरों को चेक किया। उन्होंने बैरियरों पर नियुक्त कर्मियों को सतर्कता के साथ वाहनों की सघन चेकिंग करने को कहा। उन्होंने बैजनाथ के थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट को बूथों, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक निर्देश भी दिये।