बागेश्वर। सात दिसंबर को सिया निवासी नवीन कुमार पुत्र दीवान राम की हत्या का खुलासा हो गया है। राजस्व पुलिस ने बताया कि रुपयों के लेन-देन के चलते नवीन की हत्या की गई। पुलिस ने हत्या के आरोपी सैंज निवासी उमेद राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कानूनगो भूपाल सिंह मटियानी ने बताया कि सैंज निवासी उमेद राम पुत्र खीम राम लोगों को उधार देकर उनसे ब्याज वसूलने का काम करता है। ग्राम सिया निवासी मृतक नवीन कुमार ने भी उमेद राम से उधार लिया था। नवीन की हत्या के दिन भी उमेद ने नवीन को किसी अन्य से 5 हजार उधार लेकर ब्याज में राशि दी थी। राजस्व पुलिस के मुताबिक सात दिसंबर देर शाम दोनों ने साथ बैठकर शराब पी।
इसी दौरान दोनों में रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान उमेद ने शराब की बोतल से नवीन के सिर पर वार कर दिया जिससे नवीन बेहोश होकर गिर गया। गुस्से में उमेद ने टूटी बोतल से नवीन के चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। बाद में उसे मरा समझकर सुनसान जगह पर फेंक दिया। अत्यधिक खून बहने से नवीन की मौत हो गई। राजस्व पुलिस की टीम में शामिल पटवारी देवीदत्त लोहनी, दयाकृष्ण पंत ने आरोपी को धारा 302, 201 के तहत गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है।