बागेश्वर। निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही बागेश्वर नगर पालिका में दावेदारों की धड़कने बढ़ गईं हैं और सभी अपने-अपने स्तर से टिकट की जुगत के लिए हाईकमान से संपर्क साधने में जुट गए हैं।
सोमवार को निकाय चुनाव की आचारसंहिता लागू होते ही जिले की एकमात्र नगर पालिका में भाजपा, कांग्रेस, बसपा सहित अन्य निर्दलीय दावेदारों में हलचल तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों ने शीर्ष नेतृत्व से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। साथ ही दावेदारों के समर्थक भी जमीनी स्तर पर जनता की नब्ज टटोल रहे हैं। सरकार द्वारा निर्धारित आरक्षण के आधार पर नगर पालिका अध्यक्ष पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित की गई है।