बागेश्वर। नगर में एसबीआई सहित विभिन्न बैंकों के 13 एटीएम हैं। कैश की कमी के कारण पिछले तीन माह से एटीएम कैशलेस है। जिस एटीएम में कैश डाला जा रहा है वहां पर लंबी कतार लग जा रही है। शनिवार और रविवार को बैंक बंद रहने से स्थिति और भी खराब हो चुकी है। शनिवार को जहां दो एटीएम से रुपये निकले वहीं रविवार को सभी एटीएम कैशलेस रहे। एसबीआई के एक एटीएम का शटर पिछले तीन दिनों से बंद है। एटीएम में कैश नहीं होने से रुपये निकालने के लिए आ रहे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।