बागेश्वर। ग्राम पंचायत लोब के भाटगाड़ और खलाचौरा तोक के लिए पीने के पानी का संकट बना हुआ है। ग्रामीण डेढ़ किमी दूर से पानी ला रहे हैं। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और एडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने पानी की समस्या दूर करने की मांग की है। शीघ्र मांग पूरी न करने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
शनिवार सुबह भाटगाड़ और खलाचौरा के ग्रामीण नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के बाद उन्होंने एडीएम राहुल गोयल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने कहा है गांव में शिल्पकारों के 20 परिवार रहते हैं, लेकिन आज तक उनके पीने के पानी के कोई इंतजाम नहीं हैं। ग्राम पंचायत में भी योजना के निर्माण के लिए प्रस्ताव रखा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में बालकृष्ण, गणेश लाल, रितेश कुमार, नारायण राम, ईश्वरी लाल, सुंदर लाल, अक्षय कुमार, राजेंद्र प्रसाद, दयाल चंद्र, विजय लाल आदि शामिल हैं।