बागेश्वर। तेंदुए ने टेलीफोन एक्सचेंज के पास बुधवार की रात को आवारा छोड़े गए गाय के बछड़े को मार दिया। बृहस्पतिवार सुबह जब लोगों ने देखा तो उनमें दहशत फैल गई। लोगों का कहना है कि अधिकतर लोग सुबह के समय घूमने के लिए बिलौना, कलक्ट्रेट वाली सड़क पर जाते हैं। ऐसे में आबादी में घुसा तेंदुआ किसी को भी हमला कर घायल कर सकता है। नगर वासियों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।
बता दें कि पिछले वर्ष दिन दहाड़े एक तेंदुआ कठायतबाड़ा में आबादी में पहुंच गया था। इसके कुछ समय बाद मंडलसेरा में स्कूल के पास एक तेंदुआ घुस आया था। इसके अलावा केमू स्टेशन, माल रोड आदि स्थानों पर दुकानों के बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में तेंदुआ घूमते हुए देखा जा चुका है। डिग्री कॉलेज परिसर, मजियाखेत, नुमाइशखेत में भी तेंदुआ देखा जा चुका है। कुछ दिन पूर्व वन विभाग ने हाइडिल में पटाखे फोड़कर तेंदुए को भगाया था।