14 canals in Garuda to improve by Rs 2.37 crore
बागेश्वर। सिंचाई विभाग गरुड़ क्षेत्र की 14 क्षतिग्रस्त नहरें सुधारेगा। इसके लिए 2.37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें से 67 लाख रुपये आवंटित हो चुके हैं। नहरों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
सिंचाई खंड के बागेश्वर के अधीन गरुड़ क्षेत्र की 14 नहरें आपदा के कारण लंबे समय से क्षतिग्रस्त हैं। नहरें क्षतिग्रस्त होने से लोगों को सिंचाई सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पानी बेकार जा रहा है। फसलों की उपज पर भी इसका असर पड़ रहा है। यह सभी 14 नहरें कई दशक पहले बनी हैं। इन नहरों से 400 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फसलों की सिंचाई होती है। कई नहरों को पिछले वर्षों में आई आपदा से और क्षति पहुंची है। किसान नहरों की मरम्मत की मांग लंबे समय से कर रहे थे। लोगों की मांग के अनुरूप सिंचाई विभाग ने 52.2 किमी लंबी इन नहरों के जीर्णोद्धार की योजना बनाई।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता एके जॉन ने बताया कि गरुड़ क्षेत्र की 14 नहरों के सुधारीकरण के लिए नाबार्ड से 2.37 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ है। इसमें से 67 लाख रुपये आवंटित हो चुके हैं। नहरों की मरम्मत के लिए टेंडर लगाए जा रहे हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुधार कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इन नहरों का होगा सुधारीकरण
कनस्यारी, बयालीसेरा, रिठार, पिंगलों, कुलस्यारी, सेलाबगड़, भेंटा, परकोटी, बिनखोली, खुमटिया, देवनाई, तल्लीहाट, बड़ेत, ग्वाड़ पजीना।