बागेश्वर। डीएएसएसआई डॉ. आंबेडकर सेंट्रल स्टूडेंड ऑफ इंडिया के छात्रों ने पीजी कालेज के प्राचार्य से वार्ता कर कालेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की फीस जमा करने की अवधि शीघ्र बढ़ाने, समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। प्राचार्य डॉ. एससी पंत को दिए ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कें बंद हैं। जिससे छात्र घर नहीं जा पा रहे हैं। कुछ छात्र गांव में ही फंसे पड़े हैं। इस कारण वह कालेज में समय से फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने प्राचार्य से फीस जमा करने की तिथि शीघ्र बढ़वाने की मांग की। कहा कि यदि समयावधि शीघ्र नहीं बढ़ाई गई तो इससे उनका भविष्य बर्बाद होने की आशंका है। उन्होंने प्राचार्य से छात्र हित में शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। शशांक वर्द्धन के नेतृत्व में प्राचार्य को ज्ञापन देने वालों में मनीष कुमार, प्रमोद कुमार, दीपक बोरा, पंकज कुमार, प्रकाश कुमार, मुकेश कुमार, कैलाश चंद्र आदि शामिल थे।