बागेश्वर। बादल बागेश्वर जिले के अधिकांश क्षेत्रों से रूठे हैं। कपकोट के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश हो रही है। लेकिन निचले इलाकों में सूखे से हालात हैं।
सोमवार को कपकोट के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। आपदा प्रबंधन विभाग ने पिछले 24 घंटों के भीतर कपकोट में 10 एमएम बारिश दर्ज की। बारिश के बाद क्षेत्र के गाड़-गधेरे उफान पर हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र में बारिश के बाद सरयू का जलस्तर बढ़ गया। पानी के साथ ही भारी मात्रा में सिल्ट आया।
इससे जल संस्थान की आपूर्ति प्रभावित हुई। घरों में गंदला पानी आया। दूसरी ओर बागेश्वर विकास खंड से लेकर कपकोट और गरुड़ तक मौसम बेरुखा रहा। यहां एक बूंद भी नहीं बरसी। अलबत्ता दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे। बादल छाने से तेज धूप से निजात मिली। लेकिन उमस बनी रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई। लेकिन बागेश्वर में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है।
नहीं खुली कपकोट-पिंडारी, सौंग-खलीधार रोड
कपकोट-पिंडारी और सौंग-खलीधार रोड नहीं खुल पाई है। पिछले पांच सप्ताह से पिंडारी रोड पर यातायात डायवर्ट है। जबकि सौंग मार्ग पर तीसरे दिन भी आवाजाही पूरी तरह ठप पड़ी है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि कार्यदायी संस्था मार्ग खोलने की कोशिश में जुटी है।