बागेश्वर। ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन की ब्लॉक इकाई की बैठक में लंबित समस्याओं का समाधान न होने पर रोष जताया। बैठक में समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर प्रांतीय आह्वान पर 26 जून से कई चरणों में आंदोलन की चेतावनी दी गई। आंदोलन के पहले चरण में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
ब्लॉक सभागार में हुई बैठक में वक्ताओं ने पदोन्नति, वेतन भत्ता समेत अन्य लंबित समस्याओं का समाधान न होने पर रोष जताया। बैठक में तय किया गया कि प्रांतीय आह्वान पर पहले चरण में 26 से 29 जून तक वीडीओ एक घंटा अतिरिक्त काम करेंगे। द्वितीय चरण में चार जुलाई को काला फीता बांधकर विरोध, प्रदर्शन होगा। नौ जुलाई को कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन, 13 को उसाटा कार्यालय देहरादून, 17 को कुमाऊं आयुक्त नैनीताल, 20, 21 के निदेशालय पौड़ी में धरना, प्रदर्शन जबकि 30 जुलाई को देहरादून में रैली निकाली जाएगी। इसके बाद भी समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर नौ अगस्त से पूर्ण कार्य बहिष्कार होगा। नंदन गिरि गोस्वामी की अध्यक्षता में राजन फर्त्याल ने संचालन किया। वहां खजान जोशी, दीपक मनकोटी, बहादुर देव, ख्याली राम, संजय कुमार, एससी पंत आदि थे।