बागेश्वर। डीएम रंजना राजगुरु की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें डीएम ने जल संस्थान से पुलिस एवं राजस्व उपनिरीक्षक ले जाकर पेयजल के अवैध कनेक्शन काटने के निर्देश दिए। सड़क में कटी भूमि का मुआवजा न मिलने की शिकायत पर उन्होंने लोनिवि को शीघ्र मुआवजा देने को कहा। सड़क कटिंग करने वाले ठेकेदार रणजीत सिंह का भुगतान न करने पर पीएमजीएसवाई के एई का वेतन रोकने के निर्देश लोनिवि को दिए।
ग्राम पंचायत सिमस्यारी के ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या एवं मंडलसेरा में पेयजल की आपूर्ति सुचारु न होने, कई जगह पानी का रिसाव होने की शिकायत की। भूपाल सिंह देवली, दीवान सिंह दानू की शिकायत पर डीएम ने जल संस्थान के ईई को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने को कहा। उन्होंने जल संस्थान को पुलिस, राजस्व उपनिरीक्षक के साथ क्षेत्र में जाकर फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कर अवैध कनेक्शन काटने को कहा। अवैध कनेक्शन देने वाले लाइनमैनों को नोटिस जारी करने को कहा। जनसुनवाई में रिखाड़ी बाछम-बदियाकोट, धूर मोटर मार्गों सहित जिले में अन्य निर्माणाधीन सड़कों में कटी जमीन का शीघ्र मुआवजा देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। यहां सीडीओ एसएसएस पांगती, डीएफओ आरके सिंह, एसडीएम बागेश्वर श्याम सिंह राणा, सीएमओ डॉ. जेसी मंडल, डीडीओ केएन तिवारी आदि थे।
पुलिस ले जाकर पानी के अवैध कनेक्शन काटने के निर्देश
डीएम रंजना राजगुरु की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जनता दरबार आयोजित