कपकोट (बागेश्वर)। स्वजल से पांच साल पूर्व ब्लॉक क्षेत्र के लिए बनी पेयजल योजना के पानी से आधी आबादी की प्यास भी नहीं बुझा पा रही है। योजना में पानी की कमी के कारण अधिकांश नलों की टोंटियां छह महीने से सूखी पड़ी हैं। पेयजल संकट से जूझ रहे उपभोक्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
ब्लॉक और आसपास के क्षेत्र के लिए पांच साल पहले लाखों रुपये की लागत से स्वजल धारा बनी थी। कुछ समय से योजना से लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी मिल रहा था। क्षेत्र की आबादी लगातार बढ़ती जा रही है। छह महीने से ब्लॉक और बाजार क्षेत्र के नलों में पानी नहीं आ रहा है। नलों की टोंटियां सूखी पड़ी हैं। कुछ लोगों के नलों में बूंद- बूंद कर पानी टपक रहा है।
पानी की आपूर्ति नहीं होने से लोगों को कई दिक्कतें हो रही हैं। लोग सरयू और खीरगंगा का दूषित पानी पीने के लिए मजबूर हैं। गंदा पानी पीने से बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
जल संकट से जूझ रहे नागरिकों और व्यापारियों ने शासन प्रशासन से ब्लॉक क्षेत्र के लिए अलग से पेयजल योजना का निर्माण करने की मांग की है। ईश्वर जोशी, सुंदर सिंह, पदम सिंह, जमन सिंह, हरीश सिंह आदि ने क्षेत्रीय विधायक से भी पेयजल योजना का निर्माण करने को लेकर पेयजल विभाग को निर्देशित करने की मांग की है।