कपकोट (बागेश्वर)। नगर पंचायत के मल्ली बाजार कपकोट में घरों के गंदे पानी के निकास के लिए नाली नहीं बनी है। इससे व्यापारियों और नागरिकों को कई दिक्कतें हो रही हैं। गुस्साए व्यापारियों ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी के नाम का ज्ञापन कार्यालय के लिपिक को सौंपा। उन्होंने नाली का शीघ्र निर्माण करने की मांग की है।
व्यापारियों ने कहा कि मल्ली बाजार में घरों के गंदे पानी के निकास के लिए नाली का निर्माण नहीं किया गया है। हल्की बरसात के पानी से कपकोट-कर्मी सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। सड़क पर बह रहे पानी के ऊपर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों के कारण राह चलते लोगों के कपड़े और दुकान में रखा सामान खराब हो जाता है। पूरे बाजार में बदबू उठने लगती है।
नाली निर्माण के लिए लोनिवि और वार्ड के सभासद को कहने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। व्यापारियों ने ईओ से सड़क किनारे नाली निर्माण कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल के अध्यक्ष तारा कपकोटी, उपाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट, सचिव हेम कपकोटी, कोषाध्यक्ष नवीन उपाध्याय, संरक्षक कैलाश जोशी, प्रदेश संगठन मंत्री गोपाल दत्त जोशी आदि थे।