बागेश्वर। नगर के अधिकांश एटीएम में कैश खत्म हो गया है। जिन एटीएम में कैश था उनमें लोगों को कतार लगाकर रुपये के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। कैश नहीं मिलने से मैदानी क्षेत्रों के लिए लौट रहे यात्रियों के साथ ही खरीदारी के लिए आए लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिला मुख्यालय में एक दर्जन से अधिक एटीएम हैं। होली पर्व से पहले ही अधिकांश एटीएम खाली हो गए थे। होली के अवकाश के बाद सोमवार को बैंक खुले, लेकिन एटीएम में कैश खत्म होने से ग्राहकों को मायूसी हुई। तहसील रोड स्थित अधिकांश एटीएम में नो कैश का बोर्ड लगा नजर आया। स्टेट बैंक के बाहर लगे एटीएम से कुछ समय तक पैसे निकले, लेकिन कैश समाप्त होते ही इस एटीएम का शटर भी डाउन हो गया। एसबीआई तिराहे पर स्थित कूर्मांचल बैंक के एटीएम में दिन भर लोगों की कतार लगी रही। लोगों को रुपयों के लिए आधे घंटे तक का इंतजार करना पड़ा। बैंक अधिकारियों के अनुसार मंगलवार तक कैश आने पर स्थिति सामान्य हो जाएगी।