बागेश्वर। किडनी की बीमारी से जूझ रहे कनौली गांव निवासी गणेश कोरंगा की मदद के लिए माइन एसोसिएशन ने हाथ बढ़ाए हैं। एसोसिएशन ने गणेश के उपचार के लिए 1.35 लाख की धनराशि की मदद दी है।
कनौली गांव निवासी गणेश कोरंगा की दोनों किडनियां खराब हैं। उसका दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक किडनी ट्रांसप्लांट में 10 लाख रुपये लगेंगे। गणेश की आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते उसकी मदद के लिए सहायता राशि जुटाई जा रही है। मामला माइन एसोशियशन के संज्ञान में आने के बाद एसोसिएशन ने गणेश के उपचार के लिए बृहस्पतिवार को 95 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक डीएम रंजना राजगुरु को सौंपा, जबकि 40 हजार की नकद धनराशि गणेश के खाते में भेजी गई।
95 हजार के चैक की धनराशि में बसंत कुमार द्वारा 50 हजार, रमेश गढ़िया ने 25 हजार तथा रमेश माजिला द्वारा 20 हजार की धनराशि का सहयोग किया गया है। नकद दी गई 40 हजार की धनराशि में कांति लाल शाह ने 20 हजार, तारासिंह परिहार ने 10 हजार, गोविंद सिंह भौर्याल ने 10 हजार की धनराशि का सहयोग दिया है।
डीएम रंजना राजगुरु ने गणेश कोरंगा के स्वास्थ्य लाभ की कामना की। खान अधिकारी रवि नेगी ने गणेश के उपचार के लिए आगे भी मदद करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर रमेश गढ़िया आदि मौजूद थे।