कपकोट(बागेश्वर)। नगर पंचायत का कूड़ा गांव में डालने का विरोध करते हुए युवक मंगल दल और खाईबगड़ के ग्रामीणों ने कूड़ा फेंकने आए वाहन को रोक दिया। ग्रामीणों ने ईओ का घेराव कर नगर पंचायत क्षेत्र में ही कूड़े का प्रबंध करने को कहा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि नगर का कूड़ा गांव में डाला गया तो आंदोलन किया जाएगा।
रविवार को जैसे ही नगर पंचायत का कूड़ा वाहन कूड़ा फेंकने के लिए खाईबगड़ पहुंचा। नवयुवक मंगल दल ऐठाण और खाईबगड़ गांव के लोगों ने वाहन को रोक लिया। कूड़ा फेंकने का विरोध होने की सूचना पर मौके पर पहुंचे ईओ कृपाल सिंह को ग्रामीणों ने घेर लिया और कूड़ा डालने का विरोध किया।
उन्होंने कहा कि गांव के पास कूड़े के ढेर लगते जा रहे हैं। कूड़े के कारण गंदगी बढ़ रही है। लोगों को आवाजाही में भी परेशानी हो रही है। इसके बाद ग्रामीणों ने नगर पंचायत अध्यक्ष चंपा देवी से कूड़े का इंतजाम नगर क्षेत्र में ही करने की मांग की।
ग्रामीण नरेंद्र दानू, गोविंद सिंह, किशन सिंह, दीपक ऐठानी, सुंदर कोरंगा, प्रवीण सिंह, दीपक दानू आदि ने कहा कि यदि कूड़ा गांव में डाला गया तो आंदोलन किया जाएगा।