बागेश्वर। नगर के पिंडारी सड़क के पास बने टैक्सी स्टेंडों में लगी लोहे की रेलिंग कई जगह मुड़कर लटक गई हैं। इस कारण वाहनों और लोगों के सरयू में गिरने का भय बना हुआ है। लोगों ने लोनिवि से रेलिंग शीघ्र सीधी करने की मांग की है।
बता दें कि पिंडारी सड़क के पास भराड़ी टैक्सी स्टैंड बना हुआ है। स्टैंड से कोई वाहन और यात्री सरयू में नहीं गिरे इसके लिए स्टैंड के सरयू की ओर लोहे की रेलिंग लगाई गई है। इसमें से कुछ रेलिंग अब नदी की ओर झुक गए हैं। इससे वाहनों और यात्रियों के सरयू में गिरने का खतरा बना हुआ है।
टैक्सी चालकों और मालिकों ने बताया उन्होंने लोनिवि से रेलिंग सीधी करने की मांग की है, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने रेलिंग के शीघ्र सीधी नहीं कराने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। चेतावनी देने वालों में नरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, गोविंद सिंह, गोविंद राम, जसपाल सिंह आदि शामिल हैं।